मनमोहन और अटल बिहारी बाजपेयी को जान से मारने की धमकी

Wednesday, May 4, 2011

मंगलवार को दोपहर लगभग 1 बजे गाजियाबाद पुलिस कंट्रोल रूम के फोन की घंटी
बजी, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने फोन उठाया। दूसरी तरफ से फोन दिल्‍ली
पुलिस कंट्रोल रूम से आया था। जैसे ही दूसरी तरफ से सूचना प्रसारित हुई पुलिस
महकमे और सुरक्षा व्‍यवस्‍था में हड़कम्‍प मच गया। पूरे शहर में अफरातफरी का
माहौल व्‍याप्‍त हो गया। और हो भी क्‍यों ना, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी को फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई
थी।

इसके बाद दिल्‍ली पुलिस ने जब फोन को सर्विलांस पर लगाया तो पता चला कि फोन
गाजियाबाद के गुलधर इलाके से किया गया था। सिम किस कैफ नामक व्‍यक्ति के नाम
पर था। गाजियाबाद एसएसपी रघुवीर लाल ने फोन पर बताया कि जब गाजियाबाद पुलिस
गुलधर पहुंची और कैफ नामक व्‍यक्ति की छानबीन की तो पता चला कि कैफ चाउमिन
बिक्रेता है। पुलिस ने जब कैफ से पूछताछ किया तो उसके पास इस तरह का कोई भी
फोन होना नहीं पाया गया।

उन्‍होने बताया कि प्रधानमंत्री को धमकी भरे फोन की जानकारी मिलने पर चौकी
इंचार्ज संजय नगर को पुलिस टीम के साथ वहां भेजा गया। चौकी इंचार्ज ने जांच
कर बताया कि चाउमीन विक्रेता कैफ से पूछताछ में धमकी भरे फोन की कोई पुष्टि
नहीं हो सकी। इस व्यक्ति के बारे में अन्य क्षेत्रीय लोगों ने भी कोई खराब
रिपोर्ट नहीं दी। इसके बाद पूरे मामले की सूचना दिल्ली पुलिस के कंट्रोल रूम
को दे दी गई है। उन्होंने आशंका जताई है कि किसी शरारती व्यक्ति ने ऐसी हरकत
की हो।
Share this article on :

0 comments:

Post a Comment

 
© Copyright 2010-2011 HinDunia All Rights Reserved.