सचिन तेंदुलकर ईएसपीएन-क्रिकइंफो की सर्वकालिक टेस्ट विश्व एकादश में जगह बनाने वाले एकमात्र मौजूदा क्रिकेटर हैं। हैरानी की बात है की इस टीम में सुनील गावस्कर समेत आस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग, ग्लेन मैक्ग्रा और ब्रायन लारा जैसे दिग्गजों को भी जगह नहीं मिली है। तेंदुलकर को डॉन ब्रेडमैन, विवियन रिचर्ड्स, गैरी सोबर्स और शेन वार्न जैसे दिग्गजों की मौजूदगी वाली टीम में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए चुना गया है। विश्व एकादश में आस्ट्रेलिया और वेस्ट इंडीज के खिलाड़ियों का दबदबा है जिसमें जैक होब्स, लेन हटन, एडम गिलक्रिस्ट, मैल्कम मार्शल, वसीम अकरम और डेनिस लिली को शामिल किया गया है। गावस्कर और लारा को सेकेंड विश्व एकादश में बैरी रिचर्ड्स, जार्ज हैडली, वाली हैमंड, इमरान खान, एलन नाट, बिल रेली, फ्रेड ट्रूमैन, मुथैया मुरलीधरन और एसएफ बार्नेस के साथ जगह मिली है। पोंटिंग के अलावा मैक्ग्रा और भारत की वर्ल्ड कप विजेता टीम के कप्तान कपिल देव को किसी भी टीम में शामिल नहीं किया गया है।
इन टीमों का चयन करने वाली ज्यूरी में टेस्ट खेलने वाले शीर्ष देशों में से प्रत्येक का एक पूर्व कप्तान और चार क्रिकेट इतिहासविद तथा लेखक शामिल थे। पूर्व कप्तानों में इयान चैपल, क्लाइव लायड, टोनी ग्रेग, दिलीप मेंडिस, अली बाकर, इंतिखाब आलम, जान राइट और अजित वाडेकर ज्यूरी का हिस्सा थे। पिछले दो दशक में खेलने वाले खिलाड़ियों में तेंदुलकर के अलावा गिलक्रिस्ट, वार्न और अकरम ही टीम में जगह बना पाए हैं जबकि बाकी सात खिलाड़ी वह हैं जिन्होंने 1970 में पदार्पण किया। ज्यूरी में शामिल 12 सदस्यों की प्रथम एकादश में तीन खिलाड़ियों का चयन सर्वसम्मति से हुआ। ब्रेडमैन, सोबर्स और वार्न को अधिकतम संभावित 60 अंक मिले जबकि तेंदुलकर 51 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहे।
टीम : वर्ल्ड इलेवन : जैक होब्स, लेन हटन, डॉन ब्रेडमैन, सचिन तेंदुलकर, विव रिचर्ड्स, गैरी सोबर्स, एडम गिलक्रिस्ट, मैल्कम मार्शल, शेन वार्न, वसीम अकरम, डेनिस लिली।
0 comments:
Post a Comment